
अल्मोड़ा। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को अल्मोड़ा के शहीद स्मारक, छावनी क्षेत्र में शौर्य दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कुमाऊँ रेजीमेंट सेंटर, रानीखेत की सैन्य टुकड़ी ने शहीदों को सलामी दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों सरस्वती माया घले, नीलमा विष्ट, सुनीता बोरा और कमला गोस्वामी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक मनोज तिवारी, महापौर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, गैरीसन अल्मोड़ा के प्रभारी कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल विजय मनराल (सेवानिवृत्त), सैनिक लीग अल्मोड़ा के अध्यक्ष सीपीओ दिनेश चन्द्र तिवारी, महेन्द्र सिंह मेहरा, गैरीसन के जेसीओ एवं जवान, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, 24 एवं 77 बटालियन एनसीसी के कैडेट तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
