
बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करवाने के निर्देश
पौड़ी। जिला प्रशासन ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करवाने के निर्देश दिए। कहा कि जिन गांवों में पूर्व में मतदान कम हुआ है उनकी सूची बनाकर वहां मतदान जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाएं। सोमवार को एनआईसी कक्ष में बैठक लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने कहा कि ऐसे मतदाताओं जो क्षेत्र से पलायन कर गए हैं या जिनकी मृत्यु हो गई है लेकिन उनका नाम अभी भी निर्वाचक नामावली में दर्ज है। ऐसे मतदाताओं की पहचान कर नियमानुसार वोटर लिस्ट सही कर ली जाए। कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए वोटर लिस्ट में मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अफसरों को मतदेय स्थलों का निरीक्षण करते हुए मतदेय स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कर ली जाए। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को दिव्यांगों और बुर्जुगों का चिन्हीकरण करते हुए उनके नाम वोटर लिस्ट में जोड़ते हुए रिपोर्ट देने, युवा मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करवाने के लिए महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों में स्वीप के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। कहा कि जिन गांवों में पूर्व में मतदान कम हुआ उसकी सूची बनाकर वहां मतदान जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जिले में वन गुर्जर क्षेत्र जहां निर्वाचन कार्ड नहीं बन पाएं हैं वहां सामान्य निवास के आधार पर निर्वाचन कार्ड बनाने, पूर्व में कम मतदान प्रतिशत वाले गांव, संवेदनशील क्षेत्रों को जल्द ही चिन्हित कर लिया जाए। बैठक में सीडीओ अपूर्वा पांडे, उपजिला निर्वाचन अधिकारी ईला गिरी, मुख्य शिक्षाधिकारी आनंद भारद्वाज, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी, तहसीलदार यशवीर सिंह आदि शामिल रहे।

