
अल्मोड़ा। ककलासो क्षेत्र की सुप्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज जीनापानी परिसर में विधिवत रूप से किया गया। 22 ग्राम पंचायतों की सहभागिता वाली इस रामलीला में क्षेत्र के पात्र और कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। रामलीला का उद्घाटन श्री श्री 108 रामपुरी महाराज, भुवन गिरी महाराज, उत्तराखंड सरकार में नियोजन निदेशक डॉ. मनोज पंत, हंसी देवी, सेवानिवृत्त अध्यापक ख्याली दत्त जोशी, फकीर सिंह कड़ाकोटी, अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी रेनू अधिकारी और राजकीय महिला पॉलीटेक्निक अल्मोड़ा की कंप्यूटर साइंस व्याख्याता दीपा मेहरा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में सखियों की भजन संध्या के बाद नटी-सूत्रधार, नारद मोह, पुत्रेष्टि यज्ञ और राजा दशरथ को राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न की प्राप्ति तक के मंचन ने दर्शकों का मन मोह लिया। रावण और कुंभकर्ण की भूमिका निभाने वाले सगे भाइयों गणेश शर्मा और सुरेश शर्मा के अभिनय को भी दर्शकों ने सराहा। रामपुरी महाराज ने आशीर्वचन देते हुए आयोजन की सराहना की। वहीं डॉ. मनोज पंत ने क्षेत्रवासियों को सुंदर आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। सीमलधार से पहुंचे हास्य कलाकार शिरोमणि पंत ने भी अपने प्रस्तुतीकरण से लोगों का मनोरंजन किया। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजय गड़ाकोटी, सचिव ललित बिष्ट और कोषाध्यक्ष रघुवर सिंह गड़ाकोटी ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। मंच संचालन दीपक करगेती और गिरीश गड़ाकोटी ने किया। आयोजकों ने बताया कि 22 गांवों की संयुक्त रामलीला होने के कारण सभी पात्रों और कार्यकर्ताओं के भोजन की व्यवस्था भी क्षेत्रीय सहयोग से की जा रही है।


