
विकासनगर। डाकपत्थर चौकी पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कुरैशी मोहल्ला जीवनगढ़ में बंद घर में हुई चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया है।
फरजाना पत्नी इंतजार निवासी कुरैशी मोहल्ला जीवनगढ़ ने विकासनगर पुलिस को तहरीर दी। बताया था कि रविवार बीस मार्च को वह सुबह ग्यारह बजे घर में ताले लगाकर रिश्तेदारी में परिवार सहित गई थीं। लेकिन शाम को पांच बजे जब घर वह लौटीं तो घर के ताले टूटे थे। रात को घर के अंदर आलमारी के ताले भी टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। फरजाना ने चार लोगों पर चोरी का शक भी जाहिर किया था। तब पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। पुलिस ने इस मामले में दस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर चोरों को तलाशती रही। पुलिस ने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की धरपकड़ कर पूछताछ की। बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अनीस पुत्र इरफान निवासी कुरैशी मोहल्ला जीवनगढ़ को गिरफ्तार किया है । आरोपी की तलाशी लेने पर उससे चोरी एक जोड़ी चांदी की पाजेब, सोने की एक अंगूठी, दो चांदी की अंगूठी बरामद की गई। एसएसआई मनोज नैनवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा तरमीम कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस की टीम में चौकी इंचार्ज डाकपत्थर जयवीर सिंह, कांस्टेबल संदीप और रविंद्र शामिल रहे।

