
विकासनगर(आरएनएस)। जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी पछुवादून के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को तहसील परिसर विकासनगर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी विकासनगर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी पछुवादून के अध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे तहसील परिसर में एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज की निंदा की। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए संजय किशोर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कई युवाओं और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार के खिलाफ है। पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि इस घटना के विरोध में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास की ओर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार किया जाना अलोकतांत्रिक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी पर की गई कार्रवाई की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता विपुल जैन, अभिनव ठाकुर, विकास शर्मा, अतुल शर्मा, शम्मी प्रकाश, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, दीवान सियाणा, जिला उपाध्यक्ष सरदार सिंह, बीना चौहान, राजीव शर्मा, राजेंद्र बिंजोला, वैभव गुप्ता, अभिषेक गर्ग, हरीश ग्रोवर, शराफत अली, जितेंद्र रावत, मोहित बिष्ट, फुरकान अहमद, सलीम, उम्मेद सिंह, कालसी ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

