
हल्द्वानी। बड़ी मंडी क्षेत्र में युवक और युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान छेड़छाड़ का विरोध करने पर दोनों की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार प्रातः कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी इलाके में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया मामला पत्थर से सिर कुचलकर हत्या का प्रतीत हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं मौके पर पहुंचे और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर विशेष टीम गठित करते हुए शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
मृतकों की पहचान दस्तावेजों और परिजनों से संपर्क के आधार पर शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चन्द्र पोखरिया निवासी ग्राम मल्ली पोखरी ओखलकांडा, नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजन सुरेश चन्द्र पोखरिया निवासी ओखलकांडा की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मी के साथ छेड़खानी करने लगे, जिस पर शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले शुभम की हत्या कर दी और घटना छिपाने के लिए बाद में लक्ष्मी को भी मार डाला। पहचान मिटाने के उद्देश्य से दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पुत्र स्वर्गीय उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया पुत्र विनोद चन्द्र भट्ट निवासी तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास बरेली रोड हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव पुत्र स्वर्गीय नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष तथा दीपेश लटवाल उर्फ राज पुत्र बहादुर सिंह लटवाल निवासी उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोठी हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन तथा गौरव नेगी और दीपू शर्मा के खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गौरव नेगी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व से 11 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपेश लटवाल के खिलाफ थाना मुखानी में तीन मामले दर्ज हैं।
खुलासे में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर जगदीप नेगी, उपनिरीक्षक प्रेम राम विश्वकर्मा (प्रभारी चौकी मंडी), उपनिरीक्षक कृपाल सिंह (प्रभारी चौकी हीरानगर), उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार (प्रभारी चौकी मालधनचौड़), उपनिरीक्षक आरती, हेड कांस्टेबल इशरार नबी (सीसीटीवी), त्रिलोक बिष्ट (कोतवाली लालकुआं), कुंदन कठायत (पुलिस लाइन), राहुल सिंह राणा, धीरेन्द्र सिंह अधिकारी, भानु प्रताप ओली (थाना काठगोदाम), रोहित टम्टा (थाना मुखानी), अशोक रावत (थाना काठगोदाम), अनिल गिरी, अनिल टम्टा तथा एएनटीएफ के बलवंत सिंह शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए कहा कि जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


