

अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग, प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को सल्ट, डोटियाल और देघाट के बाजारों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देशों पर चलाए गए अभियान में खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने तथा मिलावटी और अधोमानक खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर मावा बूंदी लड्डू, बेसन लड्डू और बालूशाही सहित विभिन्न मिठाइयों के चार नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि दीपावली तक निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





