
रुद्रपुर(आरएनएस)। कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर स्थित सरकारी गोदाम पर कब्जे को लेकर शुक्रवार को आढ़तियों और किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आढ़ती एसोसिएशन और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में व्यापारियों व किसानों ने मंडी परिसर में धरना-प्रदर्शन कर मंडी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से गोदाम के रूप में आवंटित भवन के एक हिस्से को अधिकारियों की मिलीभगत से एक व्यक्ति को लीज पर दे दिया गया है। वहां दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव मिड्डा और भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी ने कहा कि मंडी परिसर में कई छोटे आढ़ती दुकान आवंटन के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में सरकारी गोदाम का एक हिस्सा किसी व्यक्ति को निजी लाभ के लिए दिया जाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को मंडी समिति की ओर से जेसीबी चलाकर गोदाम के हिस्से को तोड़ा गया, जिससे व्यापारियों में रोष है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धान खरीद का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में किसानों की उपज के भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था होना जरूरी है। बारिश के दौरान धान खुले में पड़ा रहा तो किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में सब्जी मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव मिड्डा, हरीश छाबड़ा, सलविंदर सिंह कलसी, अमन ढिल्लो, सुरेंद्र सिंह, अमृत विर्क, कुलदीप सिंह, अमरीक सिंह, बिट्टू विर्क, गुरविंदर सिंह और जसवीर सिंह सहित कई व्यापारी व किसान मौजूद रहे।

