
बागेश्वर (आरएनएस)। कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग पर भौराधार के पास शनिवार को इंडेन गैस सिलेंडरों से भरा वाहन करीब 40 फीट नीचे खाई में गिर गया। वाहन में सवार तीन लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, कपकोट गैस एजेंसी से 100 सिलेंडर लेकर वाहन संख्या यूके-02-सीए-0828 कर्मी की ओर जा रहा था। सरण भौराधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। वाहन में देव राम, रघुवर सिंह समेत तीन लोग सवार थे, जिन्होंने समय रहते वाहन से कूदकर जान बचाई।
बताया गया कि गैस वितरण के लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। वाहन को रोकने के लिए पत्थर आदि नहीं लगाए गए थे। इसी दौरान वाहन अचानक खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरे गैस सिलेंडरों को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उनका वितरण किया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

