
ऋषिकेश (आरएनएस)। श्यामपुर क्षेत्र में गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मचारी पर हुए जानलेवा हमले के बाद कर्मचारियों में रोष फैल गया। आक्रोशित कर्मचारियों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पर प्रदर्शन कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर गैस आपूर्ति रोक दी जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छिद्दरवाला स्थित गैस एजेंसी का वाहन रोजाना की तरह गैस वितरण कर वापस लौट रहा था। वाहन में दो कर्मचारी तैनात थे। रास्ते में रुकने के दौरान एक युवक ने कथित रूप से नशे की हालत में विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने पर उसने एक कर्मचारी पर लोहे के कड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान दूसरे कर्मचारी के साथ भी हाथापाई की गई और उसके पास मौजूद नकदी बैग छीनने का प्रयास किया गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल कर्मचारी को अस्पताल भिजवाकर उपचार कराया।
गैस एजेंसी प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो गैस आपूर्ति बाधित की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

