
रानीखेत। ताड़ीखेत विकासखंड की ग्राम सभा फल्द्वाड़ी में तेंदुए की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मवड़ा गांव निवासी उमेश चंद की गाय के बछड़े पर तेंदुए ने घर के पास हमला कर उसे घायल कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक वर्ष में तेंदुआ ग्राम सभा क्षेत्र में दर्जनों मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। ग्राम पंचायत में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी तेंदुए की गांव की ओर लगातार आवाजाही रिकॉर्ड हुई है। इसकी सूचना कई बार वन विभाग को दी जा चुकी है। ग्राम प्रधान सोनू आर्या ने ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में लिखित शिकायत भी दी है। उनका कहना है कि अब मामला केवल मवेशियों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा का भी गंभीर प्रश्न बन गया है। ग्राम प्रधान ने वन विभाग से क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर पिंजरा लगाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और भविष्य में कोई मानव जनहानि हुई तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।



