
देहरादून(आरएनएस)। एसटीएफ ने साइबर ठगों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए एक पीड़ित के 1.45 करोड़ रुपये बचा लिए। ई-सिम एक्टिवेट करने का झांसा दे साइबर ठगों ने पीड़ित से 1.51 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। पीड़ित ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम 1930 पर शिकायत की।। जिससे रकम होल्ड हो गई। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को ऊधमसिंहनगर के दिनेशपुर निवासी स्वरूप सिंह ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने बैंकिंग आईडी दोबारा चालू करने और ई-सिम जारी करने का झांसा देकर उनके साथ 1.51 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।शिकायत मिलते ही 1930 कंट्रोल रूम की टीम तत्काल हरकत में आई और संबंधित बैंकों व अन्य एजेंसियों से समन्वय बनाया। तेजी से कार्रवाई करते हुए 1.45 करोड़ रुपये बैंक खातों में होल्ड करा दिए गए। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार का वित्तीय साइबर अपराध होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

