
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, मजखाली का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में हाईटेक शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए, जबकि मध्याह्न भोजन के लिए शेड, फर्नीचर और क्षतिग्रस्त कक्षों के सुदृढ़ीकरण के लिए तत्काल आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था, छात्र संख्या और विद्यालय भवनों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उदीयमान खिलाड़ी योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी ने हाईटेक शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के भोजन के लिए शेड निर्माण और पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। विद्यालय भवनों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त कक्षा-कक्षों के सुदृढ़ीकरण के लिए आपदा मद से तत्काल विस्तृत आगणन तैयार करने को कहा। इसके अलावा विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए फेंसिंग कराने और शौचालयों के नियमित रखरखाव के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, तहसीलदार दीपिका आर्या सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।


