
अल्मोड़ा। शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई और चौघानपाटा में सांकेतिक चक्काजाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता हेड पोस्ट ऑफिस के पास एकत्र हुए और जुलूस की शक्ल में चौघानपाटा पहुंचे। यहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालने के बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सांकेतिक चक्काजाम कर दिया। इससे कुछ देर के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि देश का युवा रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने भी चौघानपाटा में प्रदर्शन में सहयोग कर अपना विरोध दर्ज कराया। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
प्रदर्शन में तारा चंद्र जोशी, अमर बिष्ट, अमरजीत सिंह भाकुनी, देव सिंह कनवाल, गोपाल चौहान, मनोज वर्मा, मनोज कुमार जोशी, परितोष जोशी, राधा बिष्ट, शोभा जोशी, किरण आर्य, प्रीति बिष्ट, फेमिना खान, जया जोशी, तारा तिवारी, दीप सिंह डांगी, पूरन रौतेला, भैरव गोस्वामी, संजय रावत, निर्मल रावत, गजेंद्र सिंह फर्त्याल, गोविंद सिंह मेहरा, अम्बीराम, सुशील साह, ललित सतवाल, अख्तर हुसैन, अमरीश पवार, जगदीश तिवारी, शहजाद कश्मीरी, कार्तिक साह, दिनेश पिलख्वाल, विपुल कार्की, गुंजन चम्याल, विकास कुमार, मुकेश कुमार, हर्ष कनवाल, विनोद वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


