
रुड़की। ढंडेरा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब ठेके के पास बाइक सवार बदमाशों ने कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसके साथ मौजूद युवक भी गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय अमन, जो महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के सामने स्थित शराब ठेके के पास कैंटीन संचालित करता था, शुक्रवार देर रात काम समाप्त कर अपने साथी प्रशांत के साथ बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों शराब ठेके के समीप पहुंचे, बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग में अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि प्रशांत भी गोली लगने से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रशांत का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हमलावर कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है और उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुवाल ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।
मृतक अमन के पिता बाइक मिस्त्री हैं। बेटे की हत्या की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं, शराब ठेके के पास हुई इस वारदात के बाद ढंडेरा क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

