

अल्मोड़ा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), अल्मोड़ा में आयोजित जिला स्तरीय द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में कक्षा 12 के छात्र हर्षित पांडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में उदय कांडपाल दूसरे स्थान पर रहे।
इस उपलब्धि के आधार पर दोनों विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वे 25 और 26 अक्टूबर को देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करने में सहायक हैं।
विद्यार्थियों की सफलता में प्रेरणा गुरुरानी, डॉ. गोविंद सिंह रावत, आशुतोष साह, दीपक पांडे, डॉ. राजेंद्र सिंह रावत, तरुण जैड़ा, ललित मोहन जलाल और हरीश भट्ट का मार्गदर्शन रहा। विद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी।



