
रुड़की(आरएनएस)। बेड़पुर चौक के पास दो बाइकों से पहुंचे चार नकाबपोश बदमाशों ने ढाबे पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने ढाबा संचालक के बेटे को निशाना बनाकर गोली चलाई। अचानक हुई फायरिंग से उसने भागकर अपनी जान बचाई। गोली ढाबे की दीवार में जा घुसी। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पूरी घटना ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। कलियर क्षेत्र के गांव बेड़पुर निवासी इदरीस का भगवानपुर बाईपास मार्ग पर बेड़पुर चौक के पास ढाबा है। रविवार रात इदरीस ढाबे के एक कमरे में सो रहा था, जबकि उसका बेटा सोएब ढाबे पर मौजूद था।बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश ढाबे के पास पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक कुछ दूरी पर खड़ी की और पैदल ढाबे तक पहुंचे। इसके बाद बदमाशों ने सोएब को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से ढाबे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सोएब समेत अन्य लोगों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। गोली ढाबे की दीवार में जा लगी। फायरिंग करने के बाद चारों बदमाश वापस बाइकों से फरार हो गए। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार बदमाशों की तलाश को कांबिंग की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है।

