


देहरादून। चंदन नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात सरकारी विभाग से जुड़ी बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े सात दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच स्कूटी और दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक युवक के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद बोलेरो में सवार चालक समेत चार लोग मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचाया। फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो पर ‘उप कृषि निदेशक सांख्यिकी’ लिखा बोर्ड लगा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन विभाग में अनुबंध पर लगाया गया था। हालांकि, हादसे के समय वाहन का इस्तेमाल किस काम के लिए किया जा रहा था और उसमें सवार लोग विभागीय कार्य से जा रहे थे या निजी काम से, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
स्थानीय लोगों ने वाहन में सवार लोगों के नशे में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट के अनुसार, पुलिस फरार लोगों की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



