


देहरादून। महज 12 वर्ष की उम्र में दून की सनाया भंडारी ने सीनियर वर्ग की राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते हैं। इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। वह नवंबर में मेघालय के शिलांग में होने वाली प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा सनाया ने 17 और 18 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल में आयोजित नौवीं सीनियर राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पुलिस, सेना और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने रैंकिंग राउंड में रजत, व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य और मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। राष्ट्रीय चैंपियनशिप 11 से 18 नवंबर तक शिलांग में आयोजित होगी।
मूल रूप से श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली सनाया कोच कुलदीप बिष्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले भी वह सीबीएसई की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक समेत कई पदक जीत चुकी हैं।
सनाया के चयन पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में सीनियर वर्ग में यह उपलब्धि हासिल करना असाधारण है और सनाया प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने उनकी सफलता को अनुशासन और मेहनत का परिणाम बताया। सनाया की माता आरती भंडारी और पिता लखपत सिंह भंडारी को भी बधाई दी गई।



