
देहरादून(आरएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नीट पेपर लीक के विरोध में कालेज प्रांगण में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी के बीच केद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। गुरुवार को एमपीजी कालेज प्रांगण में एबीवीपी के छात्र एकत्रित हुए व नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में जोरदार नारेबाजी के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आशुतोष जोशी ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक से एबीवीपी के छात्रों में आक्रोश है। एबीवीपी ने मांग की कि नीट पेपर लीक दोषियों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच हो। पेपर लीक में शामिल सभी लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाया जाए, वहीं विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। छात्रों का हित परिषद के लिए सर्वोपरि है। इस मौके पर छात्रों ने पेपर लीक बंद करो, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करना बंद करो सहित शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर एमपीजी कालेज छात्रसंघ उपाध्यक्ष अनुज पंवार, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आशुतोष जोशी, सह सचिव करिश्मा, कोषाध्यक्ष नमन, एबीवीपी इकाई अध्यक्ष वंश थापली, सहित विकास रावत, व एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

