
रुद्रपुर(आरएनएस)। एक महिला ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम सलमती निवासी सिमरन कौर पुत्री निर्मल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह राजपाल सिंह पुत्र गुरमीत सिंह निवासी ग्राम अर्जुनपुर, गदरपुर के साथ हुआ था। आरोप है कि सगाई के 15 दिन बाद पति, ससुर, सास चरनजीत कौर और ननद परमजीत कौर ने बाइक और 20 तोला सोने की मांग की। शादी टूटने के डर से परिजनों ने यह मांग पूरी कर दी। शादी के एक सप्ताह बाद ही ससुराल पक्ष ने थार कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने किच्छा निवासी एक युवती से गुपचुप दूसरी शादी कर ली है। 21 फरवरी को मारपीट और गाली-गलौज करते हुए दहेज न लाने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाल मंजू पाण्डे ने बताया कि तहरीर पर पति, ससुर, सास, शीला कौर निवासी अर्जुनपुर, गदरपुर), रमजीत कौर निवासी कालागढ़ और अमृत सिंह निवासी अमृतपुर, गदरपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

