
नई टिहरी(आरएनएस)। भिलंगना ब्लॉक में डालगांव का जूनियर हाईस्कूल भवन जर्जर है। बावजूद भवन में क्लास संचालित की जा रही है। स्कूल की छत और बरामदे में लगाई गई लकड़ी की टेक और फर्श स्कूल भवन की जर्जर स्थिति बयां कर रही है। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए अभिभावकों ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता जताई है। विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने पर भी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है जिससे खस्ताहाल स्कूल भवन में क्लास चलाने की मजबूरी बनी है।
डालगांव का जूनियर हाईस्कूल भवन खस्ताहाल स्थिति में है। भवन की छत पर लगी टिन की चादर जंग लगने से जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। बाहर बरामदे की छत रोकने के लिए लकड़ी की टेक लगाई गई है। स्कूल की अधिकतर फर्श भी उखड़ चुका है। बारिश होने पर तो क्लास रूम में पानी भर जाता है। बावजूद शिक्षा विभाग की जर्जर भवन की कोई सुध नहीं ले रहा है। विभागीय लापरवाही के कारण गांव के 20 छात्र-छात्राएं जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। प्रधान रुकमणि देवी का कहना है कि स्कूल भवन छात्र-छात्राओं के लिए कभी भी बड़ा खतरा बन सकता है। विभाग को नया भवन बनाने का प्रस्ताव कई बार भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में छत से इतना पानी टपकता है कि अंदर और बाहर एक जैसी स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि कभी तेज तूफान चलने पर अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। बावजूद शिक्षा विभाग समस्या को नजरअंदाज कर खतरे को न्योता दे रहा है। उन्होंने छात्र हित में शीघ्र ही भवन की मरम्मत करने की मांग की है।
समग्र शिक्षा अभियान में स्कूल भवन मरम्मत का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। सितंबर-अक्तूबर में धनराशि मिलने की उम्मीद है। पैसा मिलते ही स्कूल भवन का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। – सुमेर सिंह कैंतुरा, बीईओ भिलंगना
