
उत्तरकाशी(आरएनएस)। मोरी विकासखंड की फतेपर्वत पट्टी के सेवा गांव के समीप बिजली लाइन में करंट लगने से एक खच्चर की मौत हो गई जबकि दो अन्य खच्चर व मालिक देव कुमार झुलस गए। घटना के बाद सेवा और बरी गांव के ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं की गई तो वे धोला विद्युत गृह पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सेवा और बरी गांव में पिछले दो सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप है। कई बार शिकायत करने के बावजूद निगम ने समय पर लाइन की मरम्मत नहीं कराई। सोमवार को कर्मचारियों ने लाइन ठीक कर बिजली आपूर्ति शुरू की लेकिन सेवा गांव के पास एक बिजली के खंभे से करंट लगने से देव कुमार व उसके तीन खच्चर झुलस गए जिनमें से एक की मौत हो गई।सेवा गांव के निवासी पटवारी सिंह रावत ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण क्षेत्र में लगातार बिजली संकट बना है। समय पर मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
