
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में पर्यटन, सड़क, हेलीपैड, पुलिस आवास, शिक्षा, ऊर्जा और अन्य अवस्थापना विकास कार्यों के लिए करीब ₹93 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें सबसे बड़ी राशि अल्मोड़ा में गोल्ज्यू मंदिर क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा में गोल्ज्यू मंदिर के समीप लोक निर्माण विभाग एवं पशुपालन विभाग की भूमि पर पर्यटन अवस्थापनाओं के विकास के लिए ₹56.29 करोड़ मंजूर किए हैं। इसके अलावा टिहरी जिले में ज्ञानसू-ग्वाड़-पस्सी-बुडोगी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए ₹3.32 करोड़ तथा देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के भानियावाला विस्थापित क्षेत्र में सड़कों के सुधारीकरण, चौड़ीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य के लिए ₹1.23 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
हरिद्वार जिले में श्यामपुर, ज्वालापुर और बहादराबाद थानों में पुलिस कर्मियों के आवास निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं उत्तरकाशी में एडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी के निर्माण, मोरी विकासखंड के ग्राम फिताड़ी में हेलीपैड निर्माण, जोशियाड़ा स्थित हेलीपैड के सौंदर्यीकरण तथा टिहरी के ग्राम भांगला में नए हेलीपैड निर्माण के लिए भी वित्तीय मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में राजकीय इंटर कॉलेज पावकी देवी, नैचोली खनाना एवं चमराड़ा देवी के पुनर्निर्माण के लिए प्रथम किश्त जारी करने के साथ ही चमोली जिले के तपोवन क्षेत्र में भूतापीय ऊर्जा स्रोतों के प्रारंभिक सर्वेक्षण एवं डीपीआर तैयार करने के लिए यूजेवीएनएल को भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्यांश के रूप में ₹20 करोड़ जारी करने को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ल्वाणी-सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद स्वर्गीय खीमजी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की।
