
पिथौरागढ़। स्थानीय महाविद्यालय में मार्च माह में विवि परीक्षाओं को आयोजित करने पर छात्रसंघ ने ऐतराज जताया है। उन्होंने कुलपति का पत्र भेजकर जल्द परीक्षाओं की संशोधित तिथि जारी करने की मांग की है। एलएसएम महाविद्यालय में कुमाऊं विवि द्वारा मार्च में परीक्षाओं के आयोजन पर छात्रसंघ ने विरोध जताते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ.पुष्कर सिंह बिष्ट के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजा। छात्रसंघ अध्यक्ष सीएम पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा तीसरे व पांचवे सेमेस्टर के साथ साथ द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं कराने का निर्देश दिया गया है। जिसके लिए 10 फरवरी तक परीक्षा फार्म भरे जाएंगे और मार्च में परीक्षा आयोजित होगी। महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष के लिए प्रवेश प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है,ऐसी स्थिति में परीक्षाएं करवाना गलत है। छात्रनेता योगेश भट्ट ने कहा कि यूजीसी के मानकों के अनुसार वार्षिक पद्धति में शिक्षण सत्र हेतु कम से कम 180 दिन की पढाई आवश्यक है। कोविड महामारी के महाविद्यालय 4 फरवरी तक बंद है। महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष की पढाई अभी तक शुरू नहीं हुई है। उन्होंने विवि प्रशासन से परीक्षाओं की तिथि को संशोधित कर चौथे व छठे सेमेस्टर के साथ परीक्षाएं आयोजित कराने की मांग की है। इस दौरान विमल पाण्डेय,संजय सिंह समेत अन्य छात्र उपस्थित रहे।


