
चेन्नई (आरएनएस)। बंगाल की खाड़ी से पूर्वी तट की ओर बढ़ते चक्रवात मिचौंग की वजह से तमिलनाडु के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, नागापट्टिनम, तिरुवल्लूर और कुड्डालोर जिलों सहित उत्तरी तटीय तमिलनाडु में भारी बारिश हुई है।चेन्नई और उसके आसपास के जिलों में रातभर भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। चेन्नई में नवनिर्मित दीवार गिराने से 2 लोगों की मौत हुई है, वहीं एक घायल हुआ है।
सोमवार सुबह 5:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में मीनांबक्कम में 196 मिमी और नुंगमबक्कम में 154.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश से चेन्नई हवाई अड्डे के हवाई पट्टी पर पानी भर गया। इसके कारण लगभग 18 उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। चेन्नई और आसपास के 3 जिलों में स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालय सोमवार को बंद रहेंगे। चेन्नई स्टेशन से जाने वाली कम से कम 6 ट्रेनें भी रद्द की गई हैं।
मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए तमिलनाडु में सोमवार को चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपेट और तिरुवल्लूर में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी गई। मुख्य सचिव शिव दास मीना ने बताया कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को आश्रय शिविरों में पहुंचाया जा रहा है और तटीय क्षेत्र में रहने वालों को भी सतर्क रहने और राहत केंद्रों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
चक्रवात को लेकर अलर्ट के बाद केंद्र और राज्यों सरकारों ने मिलकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 21 टीम तैनात की गई हैं और 8 टीमों को रिजर्व पर रखा गया है। इस बीच रविवार को राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की एक बैठक हुई। इसमें चक्रवात के मद्देनजर राज्य सरकारों और केंद्रीय मंत्रालयों समेत संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।


