
बागेश्वर। ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मिली जानकारी के अनुसार बीती 16 सितंबर को सूरज कठायत निवासी ग्राम द्यागंढ ने अपनी बजाज पल्सर 180 सीसी मोटरसाइकिल संख्या डीएल3एसडीसी0814 चोरी होने की सूचना कोतवाली बागेश्वर में दी थी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली बागेश्वर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 63/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजय धौनी को सौंपी गई। चोरी की मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के साथ पतारसी-सुरागरसी की गई।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को पंकज सिंह रावत उर्फ पंकू निवासी ग्राम चौरसों, थाना बैजनाथ को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय धौनी, हेड कांस्टेबल सुरेश आर्या, हेड कांस्टेबल पूरन मठपाल, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल मनीष गोश्वारमी और कांस्टेबल उमेश रावत शामिल रहे।

