
कोटद्वार। कोटद्वार से लापता नाबालिग को पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने दो सितंबर को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर कोटद्वार पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक फुटेज में नाबालिग एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती दिखाई दी, हालांकि दोनों ने चेहरे ढके होने और वाहन का नंबर स्पष्ट न होने से जांच चुनौतीपूर्ण रही।
इसके बावजूद पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और लगातार पतारसी के आधार पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान नगीना क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर पुलिस ने बिजनौर जनपद की आजाद कॉलोनी से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में रोहित पुत्र वीरेंद्र उर्फ बिंदा, निवासी ग्राम ढकिया, थाना नगीना देहात, जनपद बिजनौर (वर्तमान पता आजाद कॉलोनी, नगीना) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, अपर उपनिरीक्षक अहसान अली (सीआईयू), कांस्टेबल चंद्रपाल, कांस्टेबल सितांशु, होमगार्ड कुलदीप तथा महिला होमगार्ड सपना रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

