
रुद्रपुर(आरएनएस)। भूमि बेचने का झांसा देकर एक करोड़ रुपये हड़पने के आरोप में पुलभट्टा पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि खरीदारों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मोहम्मद तकी पुत्र तौफीक अहमद निवासी महाराजपुर मोड़, लालपुर किच्छा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने और उसके भाई सईद अहमद ने जितेंद्र सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी ग्राम बरी फार्म, पुलभट्टा के माध्यम से हरविंदर सिंह पुत्र अवतार सिंह, हरवंश कौर पत्नी अवतार सिंह, अमरजीत कौर पत्नी बख्तावर सिंह और सुखजीत सिंह पुत्र बख्तावर सिंह निवासी ग्राम फिरोजपुर शहदौरा, पुलभट्टा से 1.226 हेक्टेयर भूमि 27 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि भूमि के सौदे के तहत एक करोड़ रुपये बतौर बयाना दे दिए गए थे, जबकि शेष राशि 30 सितंबर 2025 को अदा कर बैनामा कराने का अनुबंध हुआ था। निर्धारित तिथि पर जब वह शेष रकम लेकर बैनामा कराने के लिए विक्रेताओं से संपर्क करने पहुंचे तो वे टालमटोल करने लगे। बाद में वह अपने भाई सईद अहमद और जितेंद्र सिंह के साथ आरोपियों के घर पहुंचे। वहां हरविंदर सिंह, सुखजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, हरवंश कौर और अमरजीत कौर मौजूद थे। आरोप है कि उन्हें देखते ही हरविंदर सिंह गाली-गलौज करने लगा, जबकि सुरेंद्र सिंह और सुखजीत सिंह तलवार, राइफल और तमंचा लेकर आ गए और उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर भगा दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
