
बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की शनिवार सुबह स्कूल जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (क्लर्क) नवल किशोर सोराड़ी, निवासी लमगड़ा (अल्मोड़ा), ने कथित रूप से पहले से रास्ते में घात लगाकर उन पर पीछे से चाकू से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय दयानंद टम्टा, पुत्र स्वर्गीय गिरीश प्रसाद टम्टा, निवासी तहसील रोड बागेश्वर को स्वजन और स्थानीय लोग तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिला अस्पताल में शिक्षक, परिचित और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। शिक्षक समाज ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
