
बागेश्वर। थाना झिरौली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी नवल किशोर सोराड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब सात बजे जीआईसी भटखोला के समीप प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में जीआईसी भटखोला के शिक्षक गोकुल चंद्र की तहरीर पर थाना झिरौली में आरोपी नवल किशोर सोराड़ी, निवासी ग्राम पाटी, जनपद चम्पावत, हाल प्रशासनिक अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के खिलाफ एफआईआर संख्या 10/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फारेंसिक टीम अल्मोड़ा और फारेंसिक यूनिट बागेश्वर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक कपकोट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को करालागांव यात्री शेड, बागेश्वर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

