
बागेश्वर(आरएनएस)। जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित होने से नाराज ठेकेदारों ने सोमवार को जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया। सिविल कॉन्ट्रेक्टर्स सोसायटी के अध्यक्ष गंगा सिंह कोरंगा के नेतृत्व में ठेकेदारों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग की। ठेकेदारों ने बताया कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत जल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग कपकोट की ओर से विभिन्न पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया गया। कई योजनाओं का निर्माण, मूल्यांकन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन वर्ष 2023-24 से भुगतान लंबित है।ठेकेदारों का कहना है कि भुगतान नहीं होने से मजदूरों की मजदूरी और निर्माण सामग्री का भुगतान करना मुश्किल हो गया है। इससे ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और कई निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ठेकेदारों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और पेयजल मंत्री को ज्ञापन भेजकर एक सप्ताह के भीतर लंबित भुगतान कराने की मांग की। चेतावनी दी कि समय पर भुगतान नहीं होने पर वे आमरण अनशन, आंदोलन और न्यायालय की शरण लेने को मजबूर होंगे। इस दौरान अमर सिंह बिष्ट, राजेंद्र नगरकोटी, हरीश चंद्र सिंह शाही, हरीश चंद्र चंदोला, पान सिंह, प्रताप सिंह और केदार सिंह समेत अन्य ठेकेदार मौजूद रहे।

