
बागेश्वर। दहेज प्रताड़ना के बाद विवाहिता की मौत के मामले में कौसानी पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 20 जून को मृतका के पिता ने कोतवाली कौसानी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री का विवाह भोजगण लौबाज निवासी अमित सिंह सजवाण से हुआ था। विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
तहरीर के आधार पर कोतवाली कौसानी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल साह को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान एकत्र साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को पुलिस ने मृतका के पति अमित सिंह सजवाण को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

