
चमोली(आरएनएस)। बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच अब मंदिर के कुबेर खजाने तक पहुंच गई है। बुधवार को नियमित चढ़ावे की गणना के साथ ही पुलिस जांच टीम ने खजाने में सुरक्षित रखी गई बहुमूल्य वस्तुओं और अभिलेखों का गहन सत्यापन किया।
दिनभर विशेषज्ञ लेखाकारों की टीम ने खजाने से संबंधित रिकॉर्ड का बारीकी से मिलान किया। पुलिस उपाधीक्षक एवं जांच टीम के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि खजाने में सुरक्षित रखी गई सभी वस्तुओं का अभिलेखों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। अब तक की जांच में जिन वस्तुओं का रिकॉर्ड दर्ज है, वे सभी खजाने में सुरक्षित मिली हैं। प्रत्येक अभिलेख का सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की विसंगति सामने आ सके।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने भी मंदिर क्षेत्र और समिति के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में समिति पूरा सहयोग कर रही है और सभी अभिलेख व रिकॉर्ड जांच टीम को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई से साफ है कि जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं और मंदिर की आस्था से जुड़े खजाने की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर पड़ताल कर रही हैं। चढ़ावा हेराफेरी मामले ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता पैदा कर दी थी, ऐसे में खजाने का सत्यापन जांच की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
