

अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के दौरान आतिशबाजी और पटाखों की बिक्री के लिए जिला प्रशासन ने नगर क्षेत्र एवं उससे लगे आबादी वाले इलाकों में दो स्थल निर्धारित किए हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार एडम्स बालिका इंटर कॉलेज का खेल मैदान और एसएसजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित सिमकनी मैदान में ही पटाखों की बिक्री की जा सकेगी। इसके लिए 5 से 9 नवंबर 2026 तक की अवधि तय की गई है।
पटाखों की बिक्री के लिए व्यापारी और इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, नोटरीकृत शपथ पत्र, निर्धारित लेखाशीर्षक में जमा धनराशि की प्रति और एक पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना होगा। आवेदन कार्यालय उप जिलाधिकारी, सदर अल्मोड़ा में जमा किए जा सकेंगे।
प्राप्त आवेदनों के आधार पर विस्फोटक अधिनियम, 2008 के नियम 84 में निर्धारित मानकों के अनुसार कुल 40 अस्थायी अनुज्ञप्तियां जारी की जाएंगी। एडम्स खेल मैदान में शेष अनुज्ञप्तिधारकों को दुकानें आवंटित की जाएंगी। दुकानों का आवंटन 4 नवंबर को अपराह्न दो बजे नगर निगम सभागार में लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त मौजूद रहेंगे।
प्रशासन ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को निर्देश दिए हैं कि नगर क्षेत्र और उससे लगे आबादी वाले इलाकों में निर्धारित स्थलों के अलावा किसी अन्य स्थान या परिसर में आतिशबाजी एवं पटाखों की बिक्री, भंडारण और प्रदर्शनी न होने दी जाए। बिना अनुमति अन्य स्थानों पर पटाखों की बिक्री और भंडारण प्रतिबंधित रहेगा।



