
अल्मोड़ा। अग्निवीर भर्ती परीक्षा और विश्वविद्यालय परीक्षाओं की तिथि एक ही दिन निर्धारित किए जाने, विधि विभाग में कथित अनियमितताओं तथा अकादमिक कैलेंडर जारी नहीं किए जाने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय में कुलपति, परीक्षा नियंत्रक और डीन अकादमिक का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण अपने करियर और देश सेवा के सपने के बीच चयन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। परिषद ने मांग की कि जिन छात्रों की विश्वविद्यालय परीक्षा और अग्निवीर भर्ती परीक्षा एक ही तिथि पर पड़ रही है, उनके लिए वैकल्पिक परीक्षा तिथि निर्धारित कर पुनः परीक्षा आयोजित की जाए। कार्यकर्ताओं ने विधि विभाग में शिक्षकों की अनुपलब्धता, नियमित कक्षाओं के संचालन में अनियमितता और विद्यार्थियों की समस्याओं की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने विभाग की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाब मांगा। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से अकादमिक कैलेंडर जारी नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। परिषद का कहना था कि इससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। परिषद ने तत्काल अकादमिक कैलेंडर जारी करने की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो छात्रहितों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में रोहित कुमल्टा, दीपक लोहनी, लकी जोशी, हिमांशु परगाई, लक्ष्य मेहता, राहुल, लक्ष्मी रानी, दीपिका, निखिल उप्रेती, साहिल नेगी, वैभव, सुमित, नेहा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
