
अल्मोड़ा। अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिले में जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में प्रभारी फायर स्टेशन रानीखेत गणेश चंद्र के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों और आवासीय भवनों में व्यापक अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान एक्सलेटर हिमालय व्यू सोसाइटी सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर फायर टीम ने लोगों को आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम द्वारा आमजन को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए, जिनमें अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे। जंगलों में आग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई। साथ ही आग लगने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने और सुरक्षित तरीके से प्रारंभिक नियंत्रण के उपाय अपनाने के बारे में भी जानकारी दी गई।



