
पिथौरागढ़(आरएनएस)। पिथौरागढ़ के एक गांव में 16 साल की एक दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुष्कर्म का आरोपी रिश्ते में पीड़िता का ताऊ लगता है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर गुरुवार को परिजन इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में किशोरी करीब तीन माह की गर्भवती निकली। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने नियमानुसार इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। एसआई बबीता टम्टा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर किशोरी से घटना की जानकारी ली।
पुलिस की शुरुआत जांच में सामने आया है कि किशोरी के साथ उसके ताऊ ने दुष्कर्म किया। लोकलाज के डर से परिजन अब तक चुपचाप रहे। अब पुलिस ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि पीड़िता की स्थिति अभी ठीक नहीं है। अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। स्थिति सामान्य होने के बाद पीड़िता से पूछताछ की जाएगी। कोतवाल जोशी ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
