
रुद्रपुर। उप जिला चिकित्सालय में कार्यरत राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के संविदा चिकित्सक व कर्मचारियों ने कोविड काल की प्रोत्साहन राशि देने के आदेश की प्रतिया जलाईं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गत वर्ष राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने दस हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी, जो आज तक नहीं दी गई। एनएचआरएम के संविदा कर्मचारियों ने प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर कोविड में सराहनीय कार्य करने वाले एनएचएम कर्मियों को 10 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा के पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दस हजार रुपये देने के आदेश भी जारी किए, जो दूसरे राज्य स्थापना दिवस तक भी पूरे नहीं हुए हैं। इसके विरोध में एनएचआरएम कर्मियों ने आदेश की प्रतियां जलाकर रोष जताया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शासन ने घोषणा को एक-दो दिन में पूरा नहीं किया तो प्रदेश के समस्त एनएचआरएम कर्मी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में डॉ. रितेश त्रिपाठी, डॉ. मनोज पांडेय, डॉ. देश दीपक गौड़, डॉ. संदीप मिश्रा, अजय सिंह, बृजगोपाल जोशी, निरूपम, गीता, अनिता, नूपुर पांडे, विजयेंद्र गंगवार, प्रमोद नौटियाल, संजीव जोशी, विक्रम सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।

