
ऋषिकेश। डेंगू से बचाव और रोकथाम के लिए एम्स ऋषिकेश का सोशल आउटरीच सेल सेवन प्लस वन अभियान चला रहा है। अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में इस अभियान को चलाने का निर्णय लिया है। ताकि उत्तराखंड से डेंगू की बीमारी को विदा किया जा सके। एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने सेवन प्लस वन अभियान में जुटी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जनमानस से आग्रह किया कि डेंगू जैसी बीमारी को रोकने के लिए आगे बढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कहा कि बीते कुछ समय से एम्स का आउट रीच सेल यह अभियान चला रहा है। अब डेंगू के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों में इसे लागू कर दिया है और राज्य के प्रत्येक जनपद में संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश में डेंगू का खात्मा किया जा सकेगा। संस्थान की सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. वर्तिका सक्सेना ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के लिए एम्स के सीएफएम विभाग की ओर से समय-समय पर हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। मौके पर आउटरीच सेल के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार, डॉ. पंकज सिंह आदि उपस्थित रहे।

