
रुड़की। कस्बे के राजा महेंद्र प्रताप पीजी कॉलेज के खेल मैदान में युवकों के दो गुटों में क्रिकेट खेलते समय संघर्ष हो गया। बताया गया कि इस दौरान फायरिंग भी हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन बाइक कब्जे में लेते हुए एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गुरुवार को दोपहर के समय राजा महेंद्र प्रताप कॉलेज के खेल मैदान में दो टीमों के बीच क्रिकेट मैच खेला जा रहा था। मैच खेलते खेलते किसी मामले को लेकर दोनों टीमों के युवक आमने-सामने आ गए। उनके बीच आपस में विवाद हो गया। विवाद थमने के बजाय यह बढ़ता चला गया। बताया गया कि इस दौरान दोनों गुटों में हवाई फायरिंग शुरू हो गई। दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना से हलचल मच गई। संघर्ष की सूचना पर नारसन पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद पुलिस को देख सभी युवकों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने युवकों का पीछा किया। कुछ युवक बाइक छोड़कर फरार हो गए। चौकी प्रभारी बृजपाल सिंह ने बताया कि दो टीमों के बीच क्रिकेट मैच खेला जा रहा था। जिसके बाद दोनों गुटों में वर्चस्व को लेकर कहासुनी हो गई। एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। बाकी युवकों की तलाश की जा रही है।

