
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल विभाग अल्मोड़ा के तत्वावधान में विकासखंड धौलादेवी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चगेठी में जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से आए 135 बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम प्रधान भैरव सिंह चौहान और राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊ के शिक्षक ललित बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला कराटे कोच हरीश सिंह चौहान ने ग्रामीण क्षेत्र में प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी महेश्वरी आर्या का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में दीपक भट्ट, ज्योति बिष्ट, पूजा पांडे और रोशन चौहान शामिल रहे। विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में आयोजित मुकाबलों में प्रिया, दीक्षा, हेमा ज्योति, निशा, पवित्रा, दिया, समीक्षा, हर्षित, हरीश बोरा, कविता मिश्रा, कार्तिक चौहान, योगेश चौहान, तेजस और दीपक ने स्वर्ण पदक जीते। रजत पदक दीपांशु, सचिन, नीरज पांडे, प्रियांशी जोशी, अंजली, रोशनी बिष्ट, अंकिता भंडारी, आरुष चौहान और देवांशु चौहान के नाम रहा। वहीं रोशनी पटवाल, प्रिया भट्ट, ईशिता, योगेश कुमार, अत्यंत, दीपक जोशी, योगेश जोशी, विजय जोशी, ज्योति जोशी, कविता भट्ट, हर्ष, शुभम, वर्षा, कोमल आर्या, गोपी, भावना और कंगना ने कांस्य पदक हासिल किए। प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग अल्मोड़ा की ओर से पदक एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक दलीप सिंह बिष्ट, वरिष्ठ शिक्षक गोपाल सिंह चौहान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश सिंह चौहान, प्रधानाध्यापक महेंद्र गंगवार, हरिशंकर जोशी, मदन लाल गौतम, संदीप कुमार, गोपाल सिंह, शिक्षक ललित बिष्ट, कमला पांडे सहित जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


