
ऋषिकेश। कोरोना संकट के चलते पिछले दो साल से स्थगित रही चारधाम यात्रा का 2022 में आगाज होते ही यात्रा के पिछले रिकार्ड टूट रहे हैं। वर्ष 2019 में छह महीने में 15 हजार ग्रीन कार्ड बनाए थे। इस बार महज 20 दिन में ग्रीन कार्ड का आंकड़ा 8 हजार के पार पहुंच गया है। अभी चारधाम यात्रा की शुरुआत हुई ही है। प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर विभिन्न प्रांतों के श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। एक मई से चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार ऋषिकेश में तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। ऋषिकेश में परिवहन विभाग यात्रा में संचालित वाहनों को ऑनलाइन ग्रीन कार्ड जारी कर रहा है। परिवहन विभाग के मुताबिक इस बार ग्रीन कार्ड के पिछले सारे रिकार्ड टूटेंगे। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय ने बताया कि इस साल 18 अप्रैल से ग्रीन कार्ड बनाने का कार्य शुरू हुआ था। महज 20 दिन में 8 हजार से अधिक ग्रीन कार्ड जारी हो चुके हैं। जबकि 2019 में जब यात्रा चरम पर थी तब 15 अप्रैल से 15 अक्तूबर तक 15 हजार ग्रीन कार्ड ही बने थे। अभी आगे बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के आने संभावना है, ऐसे में इस बार ग्रीन कार्ड के पिछले सारे रिकार्ड टूट जाएंगे।


