
ऋषिकेश। वीकेंड पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र आदि राज्यों से पर्यटकों की हुजूम उमड़ पड़ा। पर्यटकों ने राफ्टिंग का जमकर लुत्फ उठाया। बाहरी राज्यों से भारी संख्या में पर्यटकों के तीर्थनगरी ऋषिकेश का रुख करने से ट्रैफिक व्यवस्था लड़खड़ा गई। शनिवार को हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से खदरी रेलवे फाटक श्यामपुर से तपोवन(लक्ष्मणझूला) क्षेत्र तक जाम की स्थिति रही। जाम में फंसे वाहन सरक सरककर आगे बढ़ते नजर आए। शनिवार को हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी नंबर के वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था पर असर पड़ा। खदरी रेलवे फाटक, आईडीपीएल सिटी गेट, पुरानी चुंगी तिराहा, जयराम आश्रम तिराहा, दून तिराहा, चंद्रभागा पुल, चौदहबीघा तिराहा, मुनिकीरेती शिवानंद गेट से लेकर तपोवन, ब्रह्मपूरी तक सुबह से शाम तक जाम लगता रहा। हालांकि शनिवार को ट्रैफिक व्यवस्था का सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस, होम गार्ड के साथ उपनिरीक्षक भी तैनात रहे। एक पल जाम खुलता तो दूसरे पल वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति जस की तस हो जाती है। यह सिलसिला शाम तक जारी रहा। यही हाल हरिद्वार बाईपास मार्ग पर भी पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से एआरटीओ से नटराज चौक से आगे ढालवाला तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते लोग जाम से परेशान रहे।

