
ऋषिकेश। दो दिन से हो रही बारिश ने चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। यात्रा पर रोक से बाहरी प्रांतों से आए यात्री यहां फंसे हैं। लेकिन महिला प्रतीक्षालय में ताला लटका है। यात्रियों को धूप, बारिश की मार से बचाने के लिए बना टीन शेड टपक रहा है। जिम्मेदार अधिकारी बदइंतजामी को दूर करने में रुचि नहीं ले रहे।
यात्रा के प्रवेशद्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश में करोड़ों की लागत से बने चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड में महिला और पुरुष प्रतीक्षालय बनाए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान बाहरी प्रांतों से आने वाले तीर्थयात्री यहां रुक सकें। वर्तमान में चारधाम यात्रा चल रही है। खराब मौसम के चलते बड़ी तादाद में यात्री ऋषिकेश चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड में रुके हैं, लेकिन यहां उन्हें अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा रहा है। एक दर्जन से अधिक प्रतीक्षालायों में से आधों में बिजली की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यात्रियों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। महिला प्रतीक्षालय में ताला लटका हुआ है।

