

बागेश्वर। बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गोविन्द बल्लभ खोलिया (52) पुत्र मथुरादत्त खोलिया निवासी नरग्वाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (70) और चाची भगवती देवी (62) पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है।
पुलिस के अनुसार एक नवंबर की रात करीब 8:30 बजे डायल 112 पर निखिल खोलिया निवासी नरग्वाड़ी ने गांव में पूरन चंद्र खोलिया के घर पर झगड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पूरन चंद्र खोलिया और उनकी पत्नी भगवती देवी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। दोनों के सिर और शरीर से काफी खून बह रहा था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने क्षेत्राधिकारी को मौके पर भेजा और अल्मोड़ा की फॉरेंसिक टीम तथा बागेश्वर की फॉरेंसिक यूनिट को घटनास्थल का वैज्ञानिक एवं डिजिटल साक्ष्य संकलन करने के निर्देश दिए। आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में बैजनाथ पुलिस के साथ कौसानी, कपकोट और झिरौली थानों तथा एसओजी की टीमें गठित की गईं।
इस मामले में दर्शानी देवी पत्नी नवीन चंद्र खोलिया निवासी नरग्वाड़ी की तहरीर पर गोविन्द बल्लभ खोलिया के खिलाफ लोहे की रॉड से हमला कर सास-ससुर की हत्या करने के आरोप में बैजनाथ कोतवाली में एफआईआर संख्या 29/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1), 117(2), 333 और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी को सौंपी गई।
पुलिस टीम ने रातभर क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। दो नवंबर को मिली सूचना के आधार पर आरोपी गोविन्द बल्लभ खोलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने पर राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित एक अन्य मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद हथियार सहित न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी, थानाध्यक्ष कौसानी कैलाश सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष कपकोट प्रताप सिंह नगरकोटी, थानाध्यक्ष झिरौली मनोहर चंद, उपनिरीक्षक उमेश रजवार और उपनिरीक्षक विनीता बिष्ट शामिल रहे।



