

रुड़की(आरएनएस)। दाबकी कलां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के साथ मारपीट करने और घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। क्षेत्र के गांव दाबकी कलां निवासी श्याम कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है। आरोप है कि शनिवार को भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और भविष्य में विवाद नहीं करने का भरोसा दिया गया था।आरोप है कि 28 अक्तूबर की सुबह करीब नौ बजे जब वह घर पर नहीं था तभी आरोपी हाथों में फावड़े और लाठी-डंडे लेकर जबरन घर में घुस आए और मारपीट कर दी।इस दौरान हमलावरों ने उनका फोन छीनकर तोड़ दिया। आरोप लगाया कि एक आरोपी पिस्टल लेकर आया था और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



