

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने शुक्रवार को रुद्रप्रयाग में अपनी 71वीं शाखा शुरू की। गैलेक्सी होटल, न्यू बस स्टैंड स्थित इस शाखा का उद्घाटन बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवान और व्यापार मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। शाखा में कोर बैंकिंग सिस्टम (सीबीएस), आईएमपीएस, आरटीजीएस, एनईएफटी और मोबाइल बैंकिंग सहित आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उद्घाटन अवसर पर बैंक के महाप्रबंधक बीएस मेहता ने बैंक की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 14 अगस्त 1991 को 2.56 लाख रुपये और पांच कर्मचारियों के साथ शुरू हुए बैंक के वर्तमान में करीब पांच लाख खाताधारक हैं। बैंक का कुल व्यवसाय 6,500 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। बैंक अपने अंशधारकों को नौ प्रतिशत लाभांश दे रहा है।
उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में हरिद्वार के कनखल और देहरादून के मियांवाला व गोल मार्केट में नई शाखाएं खोली जानी हैं। आगामी वित्तीय वर्ष में 10 और शाखाएं खोलने की योजना है। बैंक ने अब तक 800 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार दिया है और भविष्य में रोजगार के और अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
महाप्रबंधक ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक से अनुमति मिलने के बाद बैंक ने ग्राहकों के लिए मोबाइल बैंकिंग सुविधा भी शुरू कर दी है। इसके माध्यम से ग्राहक एनईएफटी, आरटीजीएस और आईएमपीएस के अलावा एटीएम कार्ड तथा चेक के लिए आवेदन कर सकते हैं।
शाखा के उद्घाटन के पहले दिन ही 100 से अधिक खाते खोले गए और 75 लाख रुपये से अधिक की जमा राशि प्राप्त हुई। इस अवसर पर भरत भूषण, नरेंद्र ममगाईं, मुकीम, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप मलासी, शाखा प्रबंधक देवानंद पंत सहित बैंक के अधिकारी-कर्मचारी और ग्राहक मौजूद रहे।





