

अल्मोड़ा। बारिश और खराब मौसम से जरूरतमंद परिवारों को बचाने के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा की टीम ने राहत अभियान चलाया। टीम के सदस्यों ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के घरों की टूटी और क्षतिग्रस्त छतों पर स्वयं तिरपाल बिछाकर उन्हें राहत पहुंचाई। इस दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल आपदा के समय ही नहीं, बल्कि सामान्य परिस्थितियों में भी जरूरतमंद लोगों की सहायता करना है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना और मानव सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना ही रेडक्रॉस का मूल ध्येय है। उन्होंने कहा कि संस्था आम दिनों में भी जरूरतमंदों के साथ खड़े रहकर उनकी परेशानियों को कम करने का प्रयास करती है। टीम के सदस्यों ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं को देखते हुए तत्काल सहायता पहुंचाई। तिरपाल बिछाए जाने से परिवारों को बारिश से बचाव में राहत मिली। स्थानीय लोगों ने रेडक्रॉस के इस मानवीय प्रयास की सराहना की। इस दौरान यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू, यूथ रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू, यूथ रेडक्रॉस उपसचिव अभिषेक जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता भीमा पवार और सुमित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





