


पिथौरागढ़(आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक दिवसीय दौरे का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। सिल्थाम में एकत्र होकर काले झंडे दिखाए। काले झंडे व बैनर पोस्टरों के माध्यम से प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को सिल्थाम में बैरिकेटिंग लगाकर रोक दिया और उन्हें उठाकर पुलिस लाइन ले गई, जहां करीब दो घंटे तक नजरबंद रखा गया। सीएम धामी के मोष्टामानू रवाना होने के बाद कार्यकर्ताओं को रिहा किया गया। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सिल्थाम में एकत्र हुए। रामलीला मैदान में सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम में जाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता रैली निकालते हुए रवाना हुए।पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बैरिकेटिंग लगाकर सिल्थाम में ही रोक दिया। पुलिस के रोकने के बाद कार्यकर्ता सड़क में धरने पर बैठ गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिस वीआईपी का नाम सामने आया, उसे राज्यपाल बना दिया गया है। सीबीआई जांच शुरू हुए एक साल पूरा होने को है, लेकिन अब तक मामले में ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं। इससे उत्तराखण्ड की जनता के मन में कई सवाल बने हुए हैं, अंकिता को न्याय दिलाने की मांग आज भी जारी है। अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अग्निवीर के नाम पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं, व्यापारी टैक्स के बोझ से परेशान हैं और महिलाएं लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बेस अस्पताल और जिला अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया,दो घंटे बाद कार्यकर्ताओं को रिहा किया गया।




